सीएम ने लोगों से आयोग के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया
जलपाईगुड़ी/कोलकाता 24 मार्च (आरएनएस)। याद रखें मैं जाति-आधारित राजनीति नहीं करती हूं। उक्त बात आज राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल के चालसा स्थित बटाबारी महाबारी चर्च में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर कही। सीएम ममता ने आगे कहा कि, बंगाल में सभी धर्मों को समान सम्मान और स्थान दिया जाता है। बंगाल के लोग पूजा-पाठ और उत्सवों की भावना में पूरी तरह से डूब जाते हैं। राज्य के भीतर सभी धर्मों के लोग एकता के साथ मिलकर रहते हैं। वहीं चुनाव प्रचार के लिए उत्तर बंगाल के दौरे पर रवाना होने से पहले कोलकाता में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए ममता ने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर डरी हुई है, इसलिए चुनाव आयोग का उपयोग कर रही है। ममता ने कहा कि देश का निर्वाचन आयोग निष्पक्ष नहीं है। एसआईआर ही चुनाव आयोग और भाजपा को खत्म करेगी। चुनाव की घोषणा के बाद से एक के बाद एक राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों पर सवाल उठाते हुए ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा के कहने पर चुनाव आयोग हर कदम उठा रहा है। उन्होंने कटाक्ष किया कि चुनाव आयोग के लेटरहेड में भाजपा का स्टांप लगा हुआ है। उन्होंने कहा, वे लोगों को गुमराह क्यों कर रहे हैं? और कितनी जानें कुर्बान करनी पड़ेंगी? लोगों से उनके वोट देने का अधिकार छीनने का उन्हें कोई हक नहीं है। एसआईआर ही उनके पतन का कारण बनेगा। सीएम ममता ने चुनाव आयोग के खिलाफ खड़े होने के लिए जनता से एक व्यापक गठबंधन का भी आह्वान किया है। उन्होंने बिल्कुल स्पष्ट संदेश में कहा, सभी राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर इस गठबंधन में शामिल हों। यह भूल जाएं कि कौन वामपंथी है और कौन दक्षिणपंथी। आपको विशेष रूप से मेरे साथ खड़े होने की जरूरत नहीं है, बस इस व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई में शामिल हों।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

