राजनांदगांव 24 मार्च (आरएनएस) चैत्र नवरात्रि के बीच डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से बदसलूकी करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। हंगामा, विवाद और मारपीट की कोशिश से माहौल बिगड़ने लगा, लेकिन इससे पहले कि हालात बिगड़ते, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को एक साथ पकड़ लिया और सख्त कार्रवाई कर दी।राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। ग्राम कुरभाट मेन रोड और होटल शुभारंभ लॉज के पास कुछ युवक श्रद्धालुओं से विवाद कर माहौल बिगाड़ रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां आरोपी हल्ला-गुल्ला करते और शांति भंग करते पाए गए।पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन जब आरोपी नहीं माने और लगातार उत्पात करते रहे, तब मौके पर ही पांचों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गई और क्षेत्र में शांति कायम रखी गई।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप कुमार वर्मा (20) पिता सूरज भान वर्मा निवासी पारागांव थाना डोंगरगढ़, एकलव्य हठीले (19) पिता संतोष हठीले निवासी डुंडेरा थाना डोंगरगढ़, सुनील साहू (21) पिता हीरामन साहू निवासी डुंडेरा थाना डोंगरगढ़, आकाश कुमार कोषे (23) पिता किशोर कोषे निवासी दतेश्वरी पारा डोंगरगढ़ तथा श्रवण कुमार कंवर (22) पिता बलेश्वर कंवर निवासी मरकाकसा चौकी जोब थाना छुरिया जिला राजनांदगांव शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय डोंगरगढ़ में प्रस्तुत किया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की हरकतों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्षेत्र की शांति व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही थीं।नवरात्रि के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त, पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और होटल-ढाबों की जांच कर रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या उपद्रव को तुरंत रोका जा सके।

