उत्तर बस्तर कांकेर 30 मई (आरएनएस) कहीं कोई अपराधी, फरार आरोपी या संदिग्ध व्यक्ति फर्जी पहचान के सहारे आपके आसपास ठहरा हो और किसी को इसकी भनक तक न लगे, अब ऐसे लोगों के लिए कांकेर में बच निकलना आसान नहीं होगा। नागरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने “समाधान ऐप” के माध्यम से किराएदार एवं होटल सत्यापन सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, विवाह स्थल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों की विशेष बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक विंकेश्वरी पिंदे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक में संचालकों को समाधान ऐप के जरिए ऑनलाइन सत्यापन की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस विभाग आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नागरिक सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और समाधान ऐप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में बताया गया कि कई मामलों में अपराधी और संदिग्ध व्यक्ति अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर होटल, लॉज या किराए के मकानों में ठहरने का प्रयास करते हैं। ऐसे में प्रत्येक अतिथि और किराएदार का समय पर सत्यापन होने से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिल सकती है।
अधिकारियों ने संचालकों को जानकारी दी कि अब किसी भी अतिथि या किराएदार का सत्यापन मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन किया जा सकता है। इससे प्रक्रिया न केवल सरल और पारदर्शी हुई है, बल्कि समय की भी बचत होगी और पुलिस तथा आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। बैठक के दौरान होटल एवं लॉज संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पैन कार्ड और पूर्ण पते के आधार पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही प्रतिष्ठानों के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को भी कहा गया।
कार्यक्रम में डीसीबी प्रभारी निरीक्षक मनोरमा कुर्रे, एएसआई पवन जैन, डोगेश्वर कुमार सहित जिले के लगभग 40 होटल और लॉज संचालक उपस्थित रहे। कांकेर पुलिस ने सभी होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, हॉस्टल संचालकों और किराएदार रखने वाले मकान मालिकों से अपील की है कि वे समाधान ऐप डाउनलोड कर प्रत्येक अतिथि और किराएदार का सत्यापन अनिवार्य रूप से करें। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर जानकारी देने का आग्रह किया गया है। फिलहाल, कांकेर पुलिस का मानना है कि नागरिकों की सतर्कता और तकनीक का सही उपयोग ही अपराधियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होगा और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देगा।

