रुद्रपुर,24 मार्च (आरएनएस)। अमाऊं क्षेत्र में एक उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काटने गए संविदा पर तैनात लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि लाइन काटते समय शटडाउन नहीं लिया गया था, जिससे हादसा हुआ। ऊर्जा निगम इन दिनों बिजली बिल वसूली अभियान चला रहा है। इसी क्रम में लंबे समय से बकाया जमा न करने पर अमाऊं निवासी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के लिए निगम में संविदा पर कार्यरत लाइनमैन मुकेश राना पुत्र इंद्रजीत पोल पर चढ़ा। इस दौरान उसने बिना शटडाउन लिए पोल पर लगे बॉक्स को खोलकर कनेक्शन काटने का प्रयास किया, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों हाथ, चेहरा, कपड़े और सिर के बाल झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
…यह एलटी लाइन थी। ठेका श्रमिक ओवर कॉंन्फिडेंस में बगैर शटडाउन लिए पोल पर चढ़ गया। फिलहाल उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। अभी हालत स्थिर है।-अंबिका यादव, एसडीओ, ऊर्जा निगम
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

