रुद्रपुर,24 मार्च (आरएनएस)। साधारण पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के पीछे छिपी गंभीर बीमारी का मामला मेडिकल कॉलेज में सामने आया, जहां डॉक्टरों की सटीक जांच और समय पर सर्जरी से 65 वर्षीय मरीज को नई जिंदगी मिली। बंगाली कॉलोनी निवासी श्याम सरकार पिछले करीब चार महीनों से खाने के बाद लगातार उल्टी और पेट दर्द से परेशान थे। स्थिति यह हो गई थी कि जो भी भोजन करते, वह टिक नहीं पाता था। उन्होंने कई जगह इलाज कराया, लेकिन अधिकांश डॉक्टरों ने इसे सामान्य पेट संक्रमण मानकर दवाइयां दीं। जांच रिपोर्ट में भी कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई, जिससे बीमारी की सही पहचान नहीं हो सकी। लगातार बिगड़ती हालत के बीच करीब 15 दिन पहले उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. केएस शाही ने बताया कि विस्तृत जांच में मरीज को बड़ी आंत का कैंसर होने का पता चला, जो काफी फैल चुका था। कैंसर के कारण भोजन आंत में रुक रहा था और पेट में पानी भर गया था। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में प्रभावित हिस्से को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। डॉ. शाही के अनुसार, यह कैंसर एडवांस स्टेज में था और इसके सामान्य लक्षण भी स्पष्ट नहीं थे, जिससे पहचान में देरी हुई। समय पर सर्जरी नहीं होती तो मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। फिलहाल मरीज की हालत में सुधार है और आगे की रिपोर्ट के आधार पर कीमोथेरेपी शुरू की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

