रुड़की,24 मार्च (आरएनएस)। समग्र शिक्षा हरिद्वार ने जनपद के सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय मद के तहत पुस्तकों की खरीद को लेकर निर्देश जारी किए हैं। जिला परियोजना कार्यालय की ओर से खंड शिक्षा अधिकारियों और उप शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राजकीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए पुस्तकों का चयन राज्य स्तर से अनुमोदित एनबीटी सूची के आधार पर ही किया जाना है। साथ ही 27 मार्च तक खरीद प्रक्रिया पूरी कर व्यय विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार नरेश कुमार हल्दियान की ओर से जारी निर्देश में कहा है कि पुस्तकों की खरीद एनबीटी के अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से ही की जाएगी और किसी भी स्थिति में निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान नहीं किया जाएगा। यदि किसी विद्यालय की ओर से एनबीटी प्रकाशन या उसके अधिकृत विक्रेता के अलावा अन्य स्रोत से पुस्तकें खरीदी जाती हैं तो संबंधित प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खंड और उप शिक्षा अधिकारियों को यह जिम्मेदारी भी सौंपी है कि वे अपने क्षेत्र के विद्यालयों में पुस्तक खरीद की स्थिति की निगरानी करें। समग्र शिक्षा की ओर से पुस्तक खरीद के लिए कक्षा-वार बजट भी तय किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

