रुड़की,24 मार्च (आरएनएस)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर मंगलवार को दूसरे दिन भी महासंघ के सभी सदस्य अनिश्चितकालीन हड़ताल रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने 27 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। सिंचाई विभाग रुड़की परिसर में चल रहे धरने के दौरान संघ के नेताओं ने कहा कि महासंघ द्वारा पहले चरण में 2 दिसंबर 2025 को विरोध दर्ज कराया गया था। इसके बाद 10 से 18 फरवरी तक जनपदों में धरना-प्रदर्शन और 24 फरवरी को देहरादून में विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा गया था। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके आज तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। जिससे कर्मचारियों में लगातार आक्रोश पनप रहा है। कहा कि मांग पूरी नहीं होने से नाराज होकर महासंघ को अनिश्चितकालीन हड़ताल करने पर विवश होना पड़ा। धरने के दौरान वेतन विसंगति का समाधान, 10, 16 और 26 वर्ष में प्रोन्नत वेतनमान, पेंशन व्यवस्था में सुधार तथा 10 वर्षों में 5400 ग्रेड पे जैसी मांगें जल्द से जल्द पूरा करने की मांग गई। बैठक की अध्यक्षता अंकुश वालिया और संचालन शाखा सचिव कुशराज अली ने किया। इस दौरान राहुल सिंह, नीटू सिंह, ललित बिष्ट, अमर सिंह, अतुल शांडिल्य, विपिन, शोभित धीमान, अनिल चौधरी, राहुल सिंघल, लवीश कुमार, स्वाति गुप्ता, कुरेश अली आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

