लखनऊ,( आरएनएस ) 24 मार्च 2026। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा परिपत्र संख्या 35 दिनांक 23 मार्च 2026 के माध्यम से हज–2026 के यात्रियों को अंतिम किश्त जमा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। हज यात्रियों द्वारा पूर्व में जमा की गई कुल धनराशि 2,77,300 रुपये के अतिरिक्त 31 मार्च 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के खाते में पूर्व की भांति स्टेट बैंक अथवा यूनियन बैंक के माध्यम से हज कमेटी की वेबसाइट से पर्ची प्राप्त कर या डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से अपनी उड़ान स्थल के अनुसार शेष धनराशि जमा करनी होगी।निर्देशों के अनुसार दिल्ली से प्रस्थान करने वाले यात्रियों को कुल 3,46,600 रुपये के व्यय के सापेक्ष पूर्व में जमा 2,77,300 रुपये के अतिरिक्त 69,300 रुपये जमा करने होंगे। लखनऊ से प्रस्थान करने वाले यात्रियों के लिए कुल व्यय 3,52,550 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें पूर्व में जमा धनराशि के अतिरिक्त 75,250 रुपये शेष जमा करने होंगे। मुंबई से प्रस्थान करने वाले यात्रियों को 62,950 रुपये, अहमदाबाद से प्रस्थान करने वालों को 55,900 रुपये तथा हैदराबाद से प्रस्थान करने वालों को 66,050 रुपये शेष धनराशि के रूप में जमा करनी होगी।उक्त शेष धनराशि में कुर्बानी के लिए जमा की जाने वाली राशि सम्मिलित नहीं है। जिन हज यात्रियों ने अदाही कुर्बानी का विकल्प चुना है, उन्हें 17,280 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। इसके अतिरिक्त शिया हज यात्री, जो किसी भी उड़ान स्थल से जेद्दा जाएंगे, उन्हें जोहफा मीकात के लिए 5,520 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।उक्त धनराशि में भोजन व्यवस्था को छोड़कर हवाई यात्रा, हवाई अड्डा कर, बीमा तथा अन्य आवश्यक व्यय सम्मिलित हैं। भोजन व्यवस्था से संबंधित व्यय के बारे में बाद में पृथक रूप से सूचना दी जाएगी और उसके लिए निर्धारित धनराशि अलग से जमा कराई जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

