लखनऊ( आरएनएस ), 24 मार्च 2026। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधान भवन में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार द्वारा किए गए पुख्ता प्रबंधों के चलते आगामी खरीफ मौसम में खाद आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी। बैठक में उर्वरक निर्माण कंपनियों को कड़े निर्देश दिए गए कि भारत सरकार से प्राप्त आवंटन के सापेक्ष उत्तर प्रदेश को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्देश दिया कि अब जनपदों में आने वाले प्रत्येक यूरिया रैक से 35 प्रतिशत खाद अनिवार्य रूप से सहकारी समितियों को उपलब्ध कराई जाएगी।बैठक में बताया गया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। 24 मार्च 2026 तक प्रदेश में कुल 11,24,624 मीट्रिक टन यूरिया तथा 9,92,702 मीट्रिक टन डीएपी एवं एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। कृषि मंत्री ने प्रमुख सचिव सहकारिता को निर्देशित किया कि आगामी व्यस्त मौसम के दौरान उर्वरकों के सुचारु वितरण के लिए सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों की वैज्ञानिक संस्तुति के आधार पर ही खाद की खरीद करें और अनावश्यक अग्रिम भंडारण से बचें, ताकि सभी किसानों को आवश्यकता अनुसार उर्वरक उपलब्ध हो सके।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार रबी मौसम 2025-26 तथा आगामी खरीफ मौसम के लिए निरंतर भारत सरकार के संपर्क में है और पत्राचार के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया है।बैठक में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, प्रबंध निदेशक पीसीएफ तथा विभिन्न उर्वरक निर्माण संस्थाओं के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

