न्यूयॉर्क ,25 मार्च,। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान की सेना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान का कड़ा मज़ाक उड़ाया है। ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के साथ दो दिनों तक सकारात्मक बातचीत हुई है, जिसके चलते अमेरिका अगले पांच दिनों तक कोई हमला नहीं करेगा।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी सेना के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम ज़ोल्फ़ाग़ारी ने अमेरिकी दावों को खारिज कर दिया। सरकारी टीवी पर प्रसारित एक रिकॉर्डेड संदेश में उन्होंने कहा कि अमेरिका की तथाकथित रणनीतिक शक्ति अब विफलता में बदल चुकी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, जो देश खुद को वैश्विक महाशक्ति बताता है, अगर वह इस स्थिति से निकल सकता तो अब तक निकल चुका होता। ईरानी सेना ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी हार को समझौते का रूप देने की कोशिश न करे। साथ ही, अमेरिकी बयानों को खोखला बताते हुए कहा गया कि अब ऐसे दावों का समय खत्म हो चुका है।
ज़ोल्फ़ाग़ारी ने आगे कहा, क्या आपके आंतरिक मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि अब आप खुद से ही बातचीत कर रहे हैं? यह बयान ऐसे समय में आया है जब ट्रंप प्रशासन की ओर से पाकिस्तान के माध्यम से ईरान को 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव भेजे जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह के समझौते के पक्ष में नहीं है। ईरानी प्रवक्ता ने दो टूक कहा, हमारा रुख शुरू से ही स्पष्ट रहा है और आगे भी रहेगा— हम आपके जैसे लोगों से न कभी समझौता करेंगे, न अब, न भविष्य में।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

