तेहरान ,25 मार्च,। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान की शीर्ष सैन्य कमान ने मंगलवार को एक बड़ा और सनसनीखेज ऐलान किया है। ईरानी सेना ने दुनिया को साफ संदेश दे दिया है कि उसकी सशस्त्र सेनाएं ‘पूर्ण विजयÓ हासिल होने तक बिल्कुल पीछे नहीं हटेंगी और यह महायुद्ध जारी रहेगा। खातम-अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने हुंकार भरते हुए कहा कि ईरान की शक्तिशाली सेनाएं देश की अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह से अडिग और विजयी हैं। उनका यह आक्रामक बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे मध्य पूर्व में युद्ध के बादल बेहद घने हो चुके हैं और हर बीतते दिन के साथ हमले तेज होते जा रहे हैं।
ट्रंप के शांति वार्ता वाले दावों को किया सिरे से खारिज
जनरल अलीबादी की यह सख्त टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस हालिया घोषणा के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच शांति को लेकर बातचीत चल रही है। ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की प्रत्यक्ष वार्ता से साफ इनकार कर दिया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलिबफ ने सोशल मीडिया पर ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी झूठी और फर्जी खबरों का इस्तेमाल केवल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने की एक साजिश के तहत किया जा रहा है। वहीं, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यह जरूर स्पष्ट किया है कि वे युद्ध के हालात पर मिस्र, ओमान, पाकिस्तान, रूस और तुर्किये सहित कई क्षेत्रीय देशों के लगातार संपर्क में हैं।
‘पूर्ण विजयÓ के ऐलान से दुनिया भर में मची खलबली
ईरानी सरकारी टेलीविजन पर अपने संबोधन में जनरल अलीबादी ने कहा कि हमारी सेनाएं दुश्मनों के खिलाफ मजबूती से खड़ी हैं और जब तक ‘पूर्ण विजयÓ नहीं मिल जाती, तब तक हमारे कदम नहीं रुकेंगे। हालांकि उन्होंने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि इस पूर्ण विजय का असली पैमाना क्या है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह अमेरिका और इजरायल के लिए एक सीधी और खुली चेतावनी है कि ईरान किसी भी दबाव में झुकने या संभावित वार्ता में कोई भी रियायत देने वाला नहीं है। कूटनीतिक मोर्चे पर भी ईरान पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है और लगातार अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश में लगा है।
इजरायल के आक्रामक तेवर और खाड़ी देशों में फैली दहशत
एक तरफ ईरान युद्ध न रोकने की हुंकार भर रहा है, तो दूसरी तरफ इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी अपने आक्रामक तेवर बरकरार रखे हैं। नेतन्याहू ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि अमेरिका द्वारा युद्धविराम पर विचार किए जाने के बावजूद इजराइल का ईरान और लेबनान पर हमला किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा। जमीनी हालात अब बेहद खौफनाक हो चुके हैं। ईरान ने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन की बौछार कर दी है, जिसके जवाब में इजराइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर भीषण बमबारी की है, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। इस युद्ध की खौफनाक आंच अब कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब तक पहुंच गई है, जिससे पूरे अरब प्रायद्वीप में भारी दहशत का माहौल है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

