मेरठ 25 मार्च (आरएनएस)। बीती रात फिर एक बाइक सवार युवक की उस मांझे के धागे से गर्दन कट गई जिस पर शासन-प्रशासन ने प्रतिबंध लगा रखा है। इसे प्रशासनिक लापरवही कहें या बेचने वालों की दबंगई लेकिन एक निर्दोष को फिर मांझे से घायल होने पर गले पर 22 टांके लगवाने पड़ गए।
युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मंगलवार रात हापुड़ रोड पर हुई। युवक बाइक से कुछ सामान लेने गया था। लौटते समय चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया।
अहमद नगर के रहने वाले दानिश मंगलवार रात में अपनी बाइक से हापुड़ अड्डे पर सामान लेने गए थे। सामान लेकर घर लौटते समय तिरंगा गेट के पास अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। इससे पहले कि दानिश कुछ समझ पाते, उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दानिश को उठाकर शास्त्री नगर स्थित अर्जुन अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान अफरा-तफरी में तिरंगा गेट पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दानिश की गर्दन पर 22 टांके लगाए हैं। वह पावरलूम मशीन चलाने का काम करते हैं। मेरठ में तमाम दावों और निर्देशों के बावजूद चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठने लगी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

