मेरठ 25 मार्च (आरएनएस)। आजादी की लड़ाई के साक्षी रहे त्यागी हॉस्टल को बुधवार को नगर निगम की टीम ने लाखों का हाउस टैक्स बकाया होने के चलते सील कर दिया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों द्वारा त्यागी हॉस्टल परिसर स्थित कई दुकानों को भी सील किया गया। जिसकी जानकारी मिलने पर सामाजिक संस्था से जुड़े संदीप पहल ने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बाद में नगर निगम की टीम बैकफुट पर आते हुए सील किए गए परिसर को खोलकर वापस लौट गई।
बुधवार को नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम स्टाफ के साथ वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित त्यागी हॉस्टल पहुंची। जहां नगर निगम के अधिकारियों ने त्यागी हॉस्टल के बाहर स्थित कई दुकानों पर सील लगा दी। इसी के साथ त्यागी हॉस्टल के मेन गेट पर ताला लगाकर छात्रावास को भी सील कर दिया।
जानकारी के बाद सच संस्था के अध्यक्ष संदीप पहल कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और नगर निगम की कार्यवाही का विरोध किया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि त्यागी हॉस्टल पर 20 लाख का हाउस टैक्स बकाया है। इसी के साथ अन्य दुकानों पर भी काफी हाउस टैक्स बकाया है। वहीं, संदीप पहल का कहना था कि नगर निगम द्वारा इससे पहले बकाया का कोई नोटिस नहीं दिया गया है।
हंगामा बढ़ता देख नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानों और हॉस्टल पर लगी सील को खोल दिया। इसके बाद वापस लौट गए। उधर, घटना के चलते काफी देर तक छात्रों में अफरा-तफरी के हालात बने रहे। क्योंकि सीलिंग की कार्यवाही के दौरान कई छात्र हॉस्टल के अंदर थे तो कई हॉस्टल के बाहर काम से गए थे। संदीप पहल ने इस मामले में अधिकारियों से शिकायत की बात कही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

