मेरठ 25 मार्च (आरएनएस)। जनसभा में भड़काऊ बयान देने के मामले में गिरफ्तार किए गए एआईएमआईएम पार्टी के नेताओं को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, ओवैसी की पार्टी के नेताओं ने कुछ लोगों पर इस बयान को तोड़-मरोड़ कर मीडिया पर पेश किए जाने का आरोप लगाया है।
बताते चलें कि कुछ दिनों पहले हापुड़ रोड स्थित एक मंडप में ईद मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें एआईएमआईएम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने एक बयान देते हुए कहा था कि यदि उनकी पार्टी के 11 विधायक भी प्रदेश में जीते तो वह मुसलमानों का एनकाउंटर करने वालों का एनकाउंटर करवा देंगे।
मामला संज्ञान में आने पर देर रात ही पुलिस ने इस मामले में शौकत अली सहित 6 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ लोहिया नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया था जिसमें पुलिस ने पार्टी के वेस्ट यूपी अध्यक्ष मेहताब चौहान, महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी और महानगर सचिव रजी सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में तीनों आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट द्वारा तीनों आरोपियों को जमानत दे दी गई।
इस दौरान कचहरी में भारी संख्या में ओवैसी की पार्टी की कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, इस मामले में एआईएमआईएम के नेताओं ने कुछ लोगों पर शौकत द्वारा दिए गए बयान को काट छांटकर मीडिया में पेश किए जाने का आरोप लगाया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

