सुल्तानपुर 25 मार्च (आरएनएस)। जनपद के विकासखंड लम्भुआ में लंबे समय से एक ही पटल पर कार्यरत कर्मचारियों को लेकर अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ब्लॉक मुख्यालय पर कंप्यूटर ऑपरेटर, मनरेगा, पंचायत विभाग तथा अकाउंट से जुड़े कई कर्मचारी तीन वर्ष से अधिक समय से जमे हुए हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शासन की स्थानांतरण नीति के बावजूद एक ही स्थान पर वर्षों तक तैनाती को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही पटल पर बने रहने से कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लगने लगते हैं। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में जल्द ही उन कर्मचारियों की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी, जो तीन साल से अधिक समय से लम्भुआ ब्लॉक में कार्यरत हैं। माना जा रहा है कि इस सूची के सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हलचल और तेज हो सकती है। जनता ने मांग की है कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल प्रभाव से ऐसे कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

