जौनपुर 25 मार्च (आरएनएस)। मां शीतला चैकियां धाम में चैत्र नवरात्र के सातवें दिन देवी मंदिरों में मां की विशेष पूजा-अर्चना की गई। भोर में कपाट खुलते ही यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।इस अवसर पर माता का नीलकंठ, लाल अढ़उल, लाल गुलाब और लाल चुनरी से भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों ने फल, फूल, मिठाई आदि का भोग लगाकर मां की आराधना की। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से दर्शन-पूजन किया और देशी घी के दीप जलाकर मनौती मांगी। चैकियां धाम के महंत ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की उपासना का विधान है। उनकी उपासना से सभी नकारात्मक शक्तियों का विनाश होता है। माता अपने भक्तों को सदैव शुभ फल का आशीर्वाद देती हैं और उन्हें शुभकारी के नाम से भी जाना जाता है। बताया कि नवरात्रि के सातवें दिन की रात को हवन और दुर्गा सप्तशती का पाठ करना अत्यंत शुभफलदायी माना गया है। इस रात को लाल कंबल के आसन पर बैठकर मंत्रों का जप और हवन करने से माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। सुबह पुजारी जय नारायण पंडा ने मां शीतला का भव्य श्रृंगार कर आरती की। इस दौरान दुर्गा सप्तशती पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन भी किया गया। माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

