फाफामऊ कोल्ड स्टोरेज हादसा स्थल पर पहुंचा बसपा प्रतिनिधिमंडल
प्रयागराज 25 मार्च (आरएनएस)। फाफामऊ स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में में हुए दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। नेताओं ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
इस दौरान वरिष्ठ नेता राजू गौतम, पूर्व जिला अध्यक्ष कौशांबी राकेश कुमार गौतम, पूर्व जिला महासचिव मनीष गौतम और शिवांश गौतम ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से मृतक जगदीश कुमार के घर पहुंचा, जहां उनकी पत्नी और बच्चों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। नेताओं ने पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और गृहस्थी में उपयोग होने वाली आवश्यक राशन सामग्री भी सौंपी।
बहुजन समाज के नेताओं ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस गंभीर घटना की उच्च स्तरीय टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके। साथ ही, उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। पूर्व जोन कोऑर्डिनेटर राजू गौतम ने मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा और घायलों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम होती हैं, इसलिए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी है।स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। हादसे के बाद से क्षेत्र में दहशत और गम का माहौल है, वहीं पीडि़त परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

