एसटीआईपी की तरफ से गीडा में बने आईटी पार्क का गुरुवार को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण
साढ़े तीन एकड़ क्षेत्रफल में बीस करोड़ रुपये की लागत से बना है आईटी पार्क
गोरखपुर, 25 मार्च। उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त वाले गोरखपुर में आईटी स्टार्टअप ईकोसिस्टम भी बनेगा। इसका जरिया बनेगा गीडा में बनकर तैयार हुआ आईटी पार्क यानी सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पाक्र्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) का गोरखपुर सेंटर। साढ़े तीन एकड़ क्षेत्रफल में बीस करोड़ रुपये की लागत से बने इस आईटी पार्क का लोकार्पण गुरुवार (26 मार्च) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संगठन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पाक्र्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) की तरफ से गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के सेक्टर-7 में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से अत्याधुनिक केंद्र का निर्माण किया गया है। एसटीपीआई के गोरखपुर केंद्र में 50 सीटर प्लग एंड प्ले कार्यक्षेत्र विकसित किया गया है। साथ ही 6000 वर्गफुट में रॉ इंक्यूबेशन स्पेस, इतने ही क्षेत्रफल में सेमी फर्निश्ड इंक्यूबेशन स्पेस, 54 व्यक्तियों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, अत्याधुनिक कांफ्रेंस रूम, अत्याधुनिक नेटवर्क ऑपरेशन्स सिस्टम, कैफेटेरिया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
एसटीपीआई का यह केंद्र आईटी, आईटीईएस (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एनेबल्ड सर्विस), बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट और बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। यह केंद्र योगी सरकार की तरफ से प्रदेश के टियर-टू शहरों में तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजना का हिस्सा है। यह केंद्र (आईटी पार्क) युवाओं को स्टार्टअप से जोडऩे से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां डाटा क्लेक्शन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, रिमोट इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट जैसे स्टार्टअप शुरू होने की उम्मीद है। इससे आईटी आधारित उद्यमिता में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

