राजनांदगांव, 25 मार्च (आरएनएस)। तेज आवाज वाले मॉडिफाइड सायलेंसर और काले शीशों वाले वाहनों पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही चालान काटे और नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ा संदेश दिया। कार्रवाई के दौरान जुर्माने के साथ-साथ वाहनों में किए गए अवैध बदलाव भी हटवाए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मॉडिफाइड सायलेंसर और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया।
जांच के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल में फटाका जैसी तेज आवाज करने वाला मॉडिफाइड सायलेंसर लगा पाया गया। इस पर मोटरयान अधिनियम की धारा 182(4) के तहत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी तरह दो चारपहिया वाहनों में काले शीशे लगे पाए गए, जिन्हें मौके पर ही हटवाते हुए मोटरयान अधिनियम की धारा 100 के तहत कुल 4000 रुपये का चालान किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध संशोधन न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। तेज आवाज वाले सायलेंसर जहां ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, वहीं काले शीशे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का कारण बन सकते हैं।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए साइकिल चालकों के वाहनों में रेडियम स्टीकर भी लगाए गए, ताकि रात के समय उनकी दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न कराएं और नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि सड़क पर नियम तोडऩे वालों पर अब सीधा एक्शन होगा—लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

