रायपुर 27 मार्च 2026(आरएनएस) मानसिक तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच बड़ा कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल ने 27 मार्च 2026 को शाम 7:30 बजे विमतारा,शांति नगर में “माइंड-बॉडी रीसेट” मास्टरक्लास का आयोजन किया जाएगा, जहां लोगों को तनाव से मुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक स्पष्टता के लिए लाइव प्रैक्टिकल सेशन कराए जाएंगे। यह दो घंटे का सत्र होगा, जिसमें प्रतिभागियों को सीधे अनुभव के जरिए खुद को समझने और संतुलन पाने की तकनीक सिखाई जाएगी।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर रॉयल के अध्यक्ष डॉ. नवीन बागरेचा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कोई साधारण क्लास नहीं, बल्कि एक अनुभव आधारित सत्र है, जहां सिर्फ ज्ञान नहीं बल्कि अभ्यास भी कराया जाएगा। प्रतिभागी खुद इस प्रक्रिया को महसूस करेंगे और तुरंत असर देख पाएंगे।
इस मास्टरक्लास को इंडौर के प्रसिद्ध ऑन्कोलॉजिस्ट, होलिस्टिक फिजिशियन और हिप्नोथेरेपिस्ट डॉ. अनिल सिंघवी तथा अंतरराष्ट्रीय वक्ता और ट्रांसफॉर्मेशनल कोच सुष्री सुरभि पंड्या मार्गदर्शन देंगे। दोनों विशेषज्ञ अब तक 28 देशों और भारत के कई बड़े शहरों में हजारों लोगों के साथ ऐसे सत्र कर चुके हैं और लोगों की मानसिक व शारीरिक स्थिति में बदलाव लाने का दावा करते हैं।
कार्यक्रम में लोगों को अपने जीवन के अनजाने पैटर्न पहचानना, ओवरथिंकिंग और सेल्फ-डाउट से बाहर निकलना, तनाव को तुरंत कम करना और हर पल बेहतर महसूस करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे। साथ ही हिप्नोथेरेपी के जरिए अंदरूनी बदलाव और रिएक्शन के बजाय जागरूक प्रतिक्रिया देना भी सिखाया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोटरी क्लब के सचिव रोट. अमित खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष रोट. अंकित गोयल और रोट. मनीष अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इसे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस आयोजन को लेकर आयोजकों का दावा है कि यह सिर्फ एक सत्र नहीं, बल्कि जीवन में स्थायी बदलाव की शुरुआत साबित हो सकता है। साफ है कि तेजी से बढ़ते तनाव के दौर में ऐसे प्रयास लोगों के बीच नई उम्मीद जगा रहे हैं—और यह पहल शहर में एक मजबूत संदेश दे रही है कि अब मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

