कबीरधाम 26 मार्च 20260(आरएनएस) नवरात्रि की पारंपरिक खप्पर यात्रा को लेकर कवर्धा शहर में प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कड़े यातायात प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। भारी भीड़ की आशंका के बीच रातभर पूरे नगर में वाहनों की आवाजाही पर लगभग पूरी तरह रोक रहेगी, जिससे आमजन को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
धार्मिक आस्था और जनसैलाब को ध्यान में रखते हुए 26 मार्च 2026 की रात 9 बजे से सुबह 3 बजे तक शहर में ट्रक, ट्रेलर और डंपर जैसे भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही रात 11 बजे से खप्पर यात्रा समाप्ति तक नगर क्षेत्र में दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया समेत सभी प्रकार के निजी और सार्वजनिक वाहनों की एंट्री भी बंद कर दी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खप्पर यात्रा के निर्धारित मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। यात्रा मां परमेश्वरी और मां चंडी मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिरों से गुजरते हुए पुनः खेड़ापति मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान पूरे रूट पर पैदल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों से विशेष अपील की गई है कि वे यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या पार्किंग न करें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। साथ ही सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फेरीवालों और ठेला संचालकों को रात 9 बजे के बाद दुकान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या कोतवाली से संपर्क करने की अपील भी की गई है।
प्रशासन की यह सख्ती साफ संकेत देती है कि आस्था के इस बड़े आयोजन में सुरक्षा और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
खप्पर यात्रा भ्रमण मार्ग (रूट चार्ट)
मां परमेश्वरी मंदिर/ मां चंडी मंदिर

