—- राम धाम पोखरा पर व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अघ्र्य दिया, नीरा जल व्रत रखकर संतान की सुख-समृद्धि की कामना, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित।
कुशीनगर, 26 मार्च (आरएनएस)। जनपद के पडरौना नगर स्थित राम धाम पोखरा पर चैती छठ पूजा का पर्व पूरे श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह तड़के बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने पोखरे पर पहुंचकर उगते हुए सूर्य भगवान को अघ्र्य अर्पित किया और अपने व्रत का विधि-विधान से समापन किया।
व्रती महिलाओं ने बताया कि चैती छठ पूजा अत्यंत कठिन और पवित्र व्रत माना जाता है। जिसे नीरा जल रहकर किया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में स्वच्छता, संयम और श्रद्धा का विशेष महत्व होता है। महिलाओं ने अपने परिवार, विशेषकर संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राम धाम पोखरा पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। घाटों की साफ-सफाई और सजावट की गई थी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति माहौल में सराबोर नजर आया। छठ गीतों की मधुर ध्वनि से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने बताया कि छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित होता है, जिसमें अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अघ्र्य देकर जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। यह पर्व भारतीय संस्कृति में आस्था और परंपरा का प्रतीक है। पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिभाव और अनुशासन का माहौल बना रहा।

