राजनांदगांव 26 मार्च (आरएनएस) शिकायत वापस लेने का दबाव बनाकर विवाद और मारपीट की कोशिश कर रहे एक असामाजिक तत्व पर गैंदाटोला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिससे क्षेत्र में संभावित तनाव टल गया।राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला थाना क्षेत्र में शांति भंग करने की आशंका के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला उस समय सामने आया जब बिरेन्द्र साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम बेलरगोंदी, शिकायतकर्ता अहिल्या साहू पर अपनी रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहा था।बताया गया कि रिपोर्ट वापस नहीं लेने की बात पर आरोपी मौके पर ही आक्रामक हो गया और विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद गैंदाटोला पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। इसके साथ ही धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर इस्तगासा तैयार किया गया और आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट छुरिया, जिला राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के व्यवहार से क्षेत्र में शांति भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध के घटित होने की आशंका थी, जिसे समय रहते कार्रवाई कर टाल दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि किसी भी प्रकार का दबाव, धमकी या कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शांति भंग करने वालों के लिए अब सीधे जेल ही मंजिल होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

