अलवर ,26 मार्च,(आरएनएस)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी दौसा ने कार्यवाही करते हुए आरोपीगण रामेश्वर सिंह कानि. 17 व निरंजन सिंह प्राईवेट व्यक्ति को 20,000/-रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी हेल्पलाइन 1064 पर एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के फुफेरे भाई के खिलाफ पुलिस थाना कठूमर मे दर्ज मुकदमें के अनुसंधान में मदद करने के नाम पर आरोपीगण नरेन्द्र सिंह एएसआई, रामेश्वर सिंह कानि0 17 व निरंजन सिंह प्राईवेट व्यक्ति द्वारा 20,000/-रूपये रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान कर रहे है।
इस पर एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरवीजन में एसीबी भरतपुर इकाई द्वारा रिश्वत मांग सत्यापन की कार्यवाही की गई एवं अग्रिम ट्रेप कार्यवाही एसीबी दौसा के रविन्द्र सिंह, उप अधीक्षक पुलिस एवं टीम द्वारा की गई। जिनके द्वारा दौराने ट्रेप कार्यवाही परिवादी से 20,000/- रूपए रिश्वत राशि रामेश्वर कानि. एवं निरंजन सिंह प्राईवेट व्यक्ति द्वारा प्राप्त की गई और प्राईवेट व्यक्ति द्वारा अपने पास रखी जिससे रिश्वत राशि 20,000/- रूपये बरामद की जा चुकी है।
प्रकरण में आरोपी नरेन्द्र सिंह एएसआई की गिरफ्तारी शेष हैं। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरवीजन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामलें में धारा 7, 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) व 61 (2) बीएनएस के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

