धमतरी 26 मार्च (आरएनएस)रामनवमी शोभायात्रा को लेकर धमतरी पुलिस ने शहर में सख्त सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस और सीसीटीवी की कड़ी निगरानी रहेगी।धमतरी पुलिस ने 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली रामनवमी शोभायात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारी की है। शोभायात्रा मार्ग का सूक्ष्म निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, स्टॉपर और ड्यूटी पॉइंट्स चिन्हित किए गए हैं, ताकि भीड़ और यातायात दोनों को नियंत्रित किया जा सके। शहर के भीतर शोभायात्रा के दिन भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खासतौर पर घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक का मार्ग पूरी तरह वाहन मुक्त रहेगा। शाम 4 बजे से शोभायात्रा समाप्ति तक इस रूट पर किसी भी प्रकार के छोटे या बड़े वाहन की अनुमति नहीं होगी।यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। जगदलपुर से रायपुर जाने वाले वाहनों को श्यामतराई बायपास से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि दुर्ग से आने वाले वाहन खपरी-अर्जुनी मोड़ होते हुए सिहावा चौक की ओर भेजे जाएंगे। इसी तरह रायपुर से जगदलपुर और नगरी-सिहावा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग बायपास मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। शोभायात्रा के दौरान सादी वर्दी में जवान तैनात रहेंगे और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। गुंडा-बदमाश और चाकूबाजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों या कंट्रोल रूम नंबर 94791-92299 पर दें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

