लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। रामनवमी के अवसर पर 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली धार्मिक भगवा यात्रा के दृष्टिगत शहर में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। यह यात्रा सायं 4:00 बजे कपूरथला चौराहा से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और तिराहों से गुजरते हुए सायं 7:00 बजे खाटू श्याम मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
जारी यातायात योजना के अनुसार यात्रा के दौरान छन्नीलाल चौराहा से कपूरथला चौराहा की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह यातायात मिडलैंड अस्पताल तिराहा से नीरा नर्सिंग होम होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेगा। इसी प्रकार नीरा नर्सिंग होम और निरालानगर मोड़ से भी कपूरथला की ओर जाने वाला यातायात क्रमश: वायरलेस चौराहा और आईटी चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।निरालानगर चौराहा नंबर-8 से निरालानगर ओवरब्रिज होते हुए अल्कापुरी तिराहा की ओर जाने वाला यातायात भी प्रतिबंधित रहेगा, जिसे कपूरथला चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अल्कापुरी तिराहा और वर्मा बिस्कुट तिराहा से भी कपूरथला की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।यात्रा के दौरान डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग से हसनगंज थाना होते हुए डालीगंज इक्का-टांगा तिराहा की ओर जाने वाला यातायात बंद रहेगा और इसे डालीगंज ओवरब्रिज से मदेयगंज की ओर मोड़ा जाएगा। इसी प्रकार डालीगंज इक्का-टांगा तिराहा से रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाले वाहनों को आईटी चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।सीडीआरआई तिराहा से शाहमीना की ओर, रूमी गेट से इमामबाड़ा की ओर तथा कोनेश्वर चौराहा से चरक चौराहा की ओर जाने वाले मार्ग भी यात्रा के दौरान प्रतिबंधित रहेंगे। इन मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। इसी तरह फूलमंडी से चौक चौराहा, हैदरगंज से नक्कास तिराहा तथा केजीएमयू चौराहा से रकाबगंज की ओर जाने वाले यातायात को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।इसके अतिरिक्त हनुमान सेतु तिराहा से सुशीला स्मृतिका चौराहा तथा सुशीला स्मृतिका चौराहा से खाटू श्याम मंदिर की ओर जाने वाला यातायात भी यात्रा के दौरान प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर वाहनों को संकल्प वाटिका तिराहा और सिकंदरबाग चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामान्य यातायात के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों के अतिरिक्त यदि किसी नागरिक की चिकित्सकीय आपात स्थिति होती है, तो एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन जैसे आवश्यक सेवाओं को ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा कार्यक्रम के दौरान अनुमति प्रदान की जाएगी।यातायात से संबंधित किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

