लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन कन्विक्शनÓ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अवैध पुनर्विवाह के मामले में आरोपी को कठोर आजीवन कारावास तथा 1 लाख 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित कराया गया है। मजबूत साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के चलते सात वर्ष पुराने मामले में माननीय न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सख्त सजा सुनाई है।पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शनÓ अभियान के अंतर्गत अपराधियों को अधिकतम सजा दिलाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस और अभियोजन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस आयुक्त तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त उत्तरी के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी तथा सहायक पुलिस आयुक्त अलीगंज के मार्गदर्शन में थाना अलीगंज पुलिस टीम ने सघन प्रयास किए। थाना अलीगंज के पैरोकार कांस्टेबल संजय यादव द्वारा न्यायालय में सशक्त साक्ष्य और गवाहों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसके परिणामस्वरूप दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सकी।माननीय न्यायालय एफटीसी-प्रथम, लखनऊ ने 20 मार्च 2026 को वाद संख्या 917/2018, मुकदमा अपराध संख्या 336/2017, धारा 376, 323, 420, 494 और 506 भारतीय दंड संहिता, थाना अलीगंज से संबंधित प्रकरण में आरोपी जयप्रकाश तिवारी निवासी गोविंदपुरम, थाना कबीरनगर, जनपद गाजियाबाद को दोषी करार देते हुए कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई। न्यायालय द्वारा आरोपी पर 1 लाख 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।न्यायालय ने अपने आदेश में यह भी निर्देश दिया कि अर्थदंड की संपूर्ण धनराशि पीडि़ता को प्रदान की जाए, जिससे उसे न्याय मिलने के साथ आर्थिक सहायता भी प्राप्त हो सके। यह निर्णय पीडि़ता के लिए न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।घटना के संबंध में 14 जून 2017 को पीडि़ता द्वारा थाना अलीगंज में लिखित तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोपी पर धोखाधड़ी कर पुनर्विवाह करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। इस तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर मामले में धारा 376 की बढ़ोतरी की गई और 25 सितंबर 2017 को आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया।प्रकरण में थाना अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव कुमार और पैरोकार कांस्टेबल संजय यादव की प्रभावी पैरवी महत्वपूर्ण रही। लखनऊ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन कन्विक्शनÓ के तहत अपराधियों को सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई निरंतर जारी है, जिससे समाज में कानून का भय तथा न्याय व्यवस्था में आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

