लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना बंथरा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और महिला को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी द्वारा मृतक से ?5 लाख की मांग और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के चलते युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया था।पुलिस के अनुसार ग्राम लतीफनगर, थाना बंथरा क्षेत्र की रहने वाली वादिनी द्वारा अपने पति स्वर्गीय बबलू (उम्र लगभग 32 वर्ष) को आत्महत्या के लिए उकसाने तथा स्वयं व परिवार को जान से मारने की धमकी देने के संबंध में न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। माननीय न्यायालय के आदेश पर 174 बीएनएसएस के अंतर्गत 28 मई 2025 को थाना बंथरा में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना बंथरा पुलिस ने लतीफनगर से रसूलपुर जाने वाली सड़क के पास से आरोपी राकेश कुमार (उम्र 44 वर्ष) निवासी ग्राम लतीफनगर, थाना बंथरा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी राकेश कुमार मृतक बबलू से ?5,00,000 की मांग कर रहा था और पैसे न देने पर उसे झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था। लगातार मानसिक प्रताडऩा और दबाव के चलते मृतक बबलू ने 23 दिसंबर 2024 को लगभग 11 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। साथ ही आरोपी द्वारा वादिनी और उसके परिवार को भी लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृतक बबलू के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी कारण उसने अपनी पत्नी पर बबलू के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया। पत्नी द्वारा मना करने पर उसने स्वयं मृतक से ?5 लाख की मांग की और पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। घटना के दिन भी दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मृतक ने आत्महत्या कर ली।इस प्रकरण में थाना बंथरा पुलिस की टीम, जिसमें उपनिरीक्षक अशोक कुमार गौड़ और उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय शामिल रहे, ने साक्ष्यों और सूचना के आधार पर सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

