कांकेर 26 मार्च (आरएनएस) एक साल से ज्यादा समय से फरार चल रहे हत्या के प्रयास के आरोपी को कांकेर पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। कई आपराधिक मामलों में शामिल और जिलाबदर रह चुका आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन आखिरकार उसकी चालाकी खत्म हो गई।उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार मुख्य आरोपी विक्रम सारथी (28 वर्ष), निवासी श्रीरामनगर कांकेर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।यह मामला 9 जनवरी 2025 का है, जब प्रार्थी सतीश दीपक अपने मित्र के साथ पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में था। रात करीब 8:30 बजे बस स्टैंड पुल के पास विक्रम सारथी और उसके साथियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर पीड़ित को गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे पुल के नीचे फेंक दिया।घटना के बाद थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 15/2025 के तहत धारा 126(2), 296, 351(3), 3(5), 309(4), 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने आशीष सारथी और सूरज देहारी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी विक्रम सारथी फरार हो गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। लगातार तकनीकी इनपुट और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के दुर्ग में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। 25 मार्च 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं, साथ ही उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी लगातार निगरानी, तकनीकी जांच और टीमवर्क का परिणाम है, जिससे एक खतरनाक आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया।


