रुद्रपुर,26 मार्च (आरएनएस)। रामपुर जिले का एक किशोर रामनगर में रिजॉर्ट की छत पर काम करने के दौरान नीचे गिर गया। उसे इलाज के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार पर बिना सुरक्षा उपकरण उससे काम कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसरार अहमद निवासी खरा बास, मिलक जिला रामपुर, यूपी ने पुलिस को बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा फैजान अली दोस्तों के साथ रामनगर घूमने गया था, जहां उसकी मुलाकात एक ठेकेदार से हुई। ठेकेदार ने प्रलोभन देकर उसे एक रिजॉर्ट में काम पर लगा दिया। आरोप है कि बुधवार को ठेकेदार ने उसे बिना सुरक्षा उपकरण के दो मंजिला रिजॉर्ट की टिन की छत पर पेंच लगाने के लिए चढ़ा दिया। विरोध करने के बावजूद उससे काम कराया गया और इस दौरान वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रामनगर और काशीपुर के निजी अस्पतालों में दिखाने के बाद रुद्रपुर स्थित केएमसी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

