हल्द्वानी,26 मार्च (आरएनएस)। नगर के प्राचीन व ऐतिहासिक श्री राम मंदिर में रामनवमी पर्व व भगवान रामचंद्र के जन्मोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर सुबह से ही भक्तों की भीड़ और भक्ति भाव से सराबोर रहा। मंदिर व्यवस्थापक पंडित विवेक चंद शर्मा शास्त्री ने बताया कि गुरुवार सुबह 4 बजे भगवान राम की मंगला आरती, मंगल अभिषेक और भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद सुबह 8 बजे मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रभाकर जोशी ने मधुर संगीत के साथ सुंदरकांड पाठ और मंगल गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र की 51 महाआरती संपन्न कराई गई। इस अवसर पर पंचामृत व मिल्क केक का भोग लगाकर सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पंडित शर्मा ने बताया कि आगामी 2 अप्रैल को प्रभु राम के परम भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव भी मंदिर में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पंडित गिरीश दुर्गापाल, रोहित ठाकुर, राकेश गर्ग, सुशील कुमार अग्रवाल, अमरनाथ जोशी, रिशु अग्रवाल, रजत गर्ग, विशेष पांडेय, रजत शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

