अल्मोड़ा,26 मार्च (आरएनएस)। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वासंतिक नवरात्र की अष्टमी और नवमी उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर लोगों ने देवी मंदिरों और श्रीराम मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और निरोगी जीवन की कामना की। वहीं व्रतधारी श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों में कन्या पूजन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। अष्टमी और नवमी तिथि एक ही दिन पडऩे के कारण भक्तों ने मां दुर्गा के महागौरी और सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। घर-घर और मंदिरों में कन्या पूजन कर कन्याओं का गंधाक्षत कर आरती उतारी गई और उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे गए। इसी दिन रामनवमी का पर्व भी मनाया गया। नगर के रामशिला मंदिर और रघुनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ सुंदरकांड के दोहे और चौपाइयों का सस्वर पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रामनवमी के अवसर पर रामशिला मंदिर, रघुनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर जयघोष से गूंजता रहा और पूरे दिन भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा। नंदा देवी और मुरली मनोहर मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही। दिनभर शहर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा, जबकि कई स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण भी किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

