सारंगढ़-बिलाईगढ़ 26 मार्च (आरएनएस) जिले के सारंगढ़ में 27 मार्च 2026 को प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। एसडीएम ऑफिस परिसर (कचहरी) में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अनुविभाग स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां सभी विभाग एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे और लोगों की शिकायतों का मौके पर समाधान करेंगे। इस शिविर में आम नागरिक सीधे पहुंचकर अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन जमा कर सकेंगे।
प्रशासन की इस पहल में सभी विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभागीय योजनाओं की जानकारी और लाभ हितग्राहियों को तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और अधिकतम मामलों का समाधान मौके पर ही किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सरकार की ओर से लगातार “सुशासन तिहार” और “प्रशासन गांव की ओर” जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक सीधी पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में यह शिविर भी अहम माना जा रहा है, जहां ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकेंगे।
प्रशासन का कहना है कि यह शिविर आम जनता और शासन के बीच दूरी कम करने का एक मजबूत माध्यम बनेगा, जिससे योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे और लंबित समस्याओं का तेजी से निराकरण हो सके,यह पहल साफ संकेत देती है कि प्रशासन अब फील्ड में उतरकर सीधे जनता की समस्याओं पर वार कर रहा है ।

