धमतरी 27 मार्च 2026 (आरएनएस) जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आमातालाब स्थित यादव समाज भवन के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचते एक आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर त्वरित रेड की और मौके पर ही आरोपी को अवैध कारोबार करते हुए पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी यादव समाज क्षेत्र के आसपास सक्रिय था और ग्राहकों को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। हालांकि आरोपी का नाम और विस्तृत पहचान पुलिस द्वारा आधिकारिक रूप से साझा नहीं की गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.45 ग्राम हेरोइन जिसकी कीमत करीब 29,000 रुपये आंकी गई, एक मोबाइल फोन लगभग 5,000 रुपये का, नगद 10 रुपये और दो सिल्वर पेपर जब्त किए गए। कुल मिलाकर 34,010 रुपये का सामान मौके से बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली पुलिस को पहले से ही इलाके में नशे के अवैध कारोबार की भनक मिल रही थी। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने रणनीति बनाकर दबिश दी और बिना किसी देरी के आरोपी को धर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 85/26 के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

