धमतरी 27 मार्च 2026(आरएनएस) चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। अष्टमी के दिन जरही माता मंदिर सांकरा और ग्राम भोथली में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान रंजना डीपेंद्र साहू ने मंदिर पहुंचकर माता जरही के दर्शन किए और जंवारा एवं अखंड ज्योति के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
=जनप्रतिनिधियों ने लिया आशीर्वाद=
कार्यक्रम में नेहरू राम निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने माता के दरबार में उपस्थित होकर प्रदेश और क्षेत्रवासियों के लिए शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
=भक्ति और परंपरा का प्रतीक है नवरात्रि=
रंजना साहू ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमारी सनातन संस्कृति में आस्था, शक्ति और भक्ति का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें कठिन परिस्थितियों में भी साहस और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से समाज में सेवा, समर्पण और सद्भावना के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
=सामाजिक एकता का संदेश=
नेहरू राम निषाद ने भी नवरात्रि को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और एकजुटता मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता कर मानवता की सेवा करने का आग्रह किया।
=बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु=
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे, जिन्होंने माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के विकास और खुशहाली की कामना की।


