कोरबा,27 मार्च (आरएनएस)। शहर के पंचवटी मार्ग में एक नर्स पर दिनदहाड़े चाकू से हमला होने से हड़कंप मच गया। घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
ड्यूटी जाते समय वारदात
जानकारी के अनुसार, युवती स्कूटी से अस्पताल ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात युवक ने पीछे से आकर उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची पीडि़ता
हमले के बाद युवती ने अपने परिचित को फोन कर मदद मांगी। चाकू उसकी पीठ में लगभग दो इंच तक धंसा हुआ था, उसी हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पीडि़ता की पहचान
बताया जा रहा है कि पीडि़ता पंप हाउस क्षेत्र की रहने वाली है और निहारिका के पास एक लैब में कार्यरत है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

