0 पहले एक जा चुका है जेल
जांजगीर-चांपा, 27 मार्च (आरएनएस)। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, राहौद निवासी सुदीप कुमार ने 19 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 8 बजे चार युवक उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर से दो एप्पल मोबाइल (करीब 80 हजार रुपये) और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल (1000 रुपये) सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी और उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी की।
घटना के दौरान एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जिसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22 वर्ष) और श्यामजी सिन्हा उर्फ बूटी (24 वर्ष), दोनों निवासी अकलतरा, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

