रायपुर 27 मार्च (आरएनएस) दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 मार्च 2026 को क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम ने टिकरापारा क्षेत्र में दबिश देकर अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 06 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी चोरी की बाइक को उड़ीसा में खपाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश साहू (39 वर्ष), निवासी गंगानगर पाटीदार भवन के पास थाना खमतराई रायपुर, और संतोष राजपूत उर्फ कालिया (50 वर्ष), निवासी ग्राम गुरूमुख पेपर मील बारूद फैक्ट्री के पास थाना टिटलागढ़ जिला बलांगीर उड़ीसा, हाल पता आमासिवनी थाना मोवा रायपुर शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 06 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया है।
आरोपियों के कब्जे से बरामद वाहनों में टिकरापारा, गोलबाजार, मौदहापारा, पुरानी बस्ती और आजाद चौक थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की गाड़ियां शामिल हैं। इन मामलों में टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 140/26 धारा 305 बीएनएस सहित अन्य थानों में अलग-अलग अपराध दर्ज हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा स्थित कमल होटल के पास दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। जब उनसे बाइक के दस्तावेज मांगे गए तो वे बहाने बनाने लगे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी की वारदातों का खुलासा हो गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की बाइक को उड़ीसा ले जाकर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और खरीददारों की तलाश में जुटी है। आरोपी कमलेश साहू पहले भी वाहन चोरी और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि हुई है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में गठित विशेष टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी, तकनीकी विश्लेषण कर रही थी और संदिग्धों पर नजर रख रही थी। इसी सक्रियता के चलते यह सफलता हाथ लगी।


