रायपुर, २७ मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित सिमरन सिटी फेस-२ में एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजय अग्रवाल (३४ वर्ष) निवासी रावतपुरा फेज-२ के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने रास्ता रोककर सरेआम चाकू से हमला किया, जिससे अजय अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गवाहों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी डोमेश्वर देवांगन (१८ वर्ष), निवासी चांगोरभाठा को घटना के महज २ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंस्ट्रक्शन कार्य के ₹५०,००० के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना को दें। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
0

