महासमुंद, २७ मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तरबूज से भरे वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में कुल २ क्विंटल २५ किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब १ करोड़ १२ लाख ५० हजार रुपये आंकी गई है। मामले में ६ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक पिकअप वाहन में अवैध गांजा लाया जा रहा है, जिसकी पायलटिंग एक कार द्वारा की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-५३ स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोका।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे इस गांजा को ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा के साथ पिकअप वाहन (कीमत ५ लाख रुपये), पायलटिंग में इस्तेमाल कार (कीमत ७ लाख रुपये) और ६ मोबाइल फोन (कीमत ७० हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब १ करोड़ २५ लाख २० हजार रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा, हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोडा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

