मां का सम नई सीरीज का ट्रेलर आज कुछ ही देर रिलीज हो चुका है। सीरीज के ट्रेलर में रोमांटिक, एक्शन और थ्रिलर की जगह लॉजिकल कहानी नजर आई। यह कहानी एक 19 साल के मैथ जीनियस लड़के की है। मां का सम सीरीज 3 अप्रैल को सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
मां का सम के ट्रेलर में अगस्त्य (मिहिर आहूजा) से मिलवाया गया है, जो 19 साल का लड़का है और मैथ में जीनियस है। उसका मानना है कि मैथ हो या प्यार दोनों में एक ही इक्वेशन है। अगस्त्य (मिहिर आहूजा) अपनी सिंगल मां विनीता (मोना सिंह) के लिए एक परफेक्ट पार्टनर ढूंढने का मिशन शुरू करता है, जिसका नाम रखता है-प्रोजेक्ट मॉम।
यह एक ऐसी कहानी है, जिसमें लॉजिक और भावनाएं दोनों साथ चलती हैं। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है अगस्त्य के बनाए हुए सारे फॉर्मूले बिगडऩे लगते हैं। कहानी में एक नई मैथ प्रोफेसर इरा (अंगिरा धर) भी आती है। अगस्त्य और इरा मिलकर एक एल्गोरिदम बनाते हैं, जो परफेक्ट मैच ढूंढने में मदद करे। लेकिन धीरे-धीरे भावनाएं अगस्त्य की कैलकुलेटेड दुनिया में घुसने लगती हैं और सारी गणित उलझ जाती है।
मोना सिंह ने इस सीरीज में विनीता का किरदार निभाया है। एएनआई के अनुसार, मोना ने अपने किरदार के बारे में कहा, विनीता का किरदार उन सब से बहुत अलग है, जो मैंने पहले किए हैं। इसमें सिंगल मां और बेटे के बीच दोस्ती, भरोसा और प्यार दिखाया गया है। मुझे यह बहुत अच्छा लगा कि विनीता खुद को कमजोर होने देती है, फिर से प्यार ढूंढती है और अपने बेटे के अनोखे नजरिए पर भरोसा करती है।
इसके साथ ही मोना सिंह ने फैंस से गुजारिश की और कहा, यह सीरीज ह्यूमर और इमोशन का खूबसूरत मिश्रण है। बहुत से लोग इसमें अपने रिश्ते देखेंगे। मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि सब लोग इसे देखें।
मिहिर आहूजा ने इस सीरीज में अगस्तय नाम के लड़के की भूमिका निभाई है। मिहिर ने इस सीरीज में अपने किरदार को लेकर कहा, अगस्त्य बहुत होशियार और कॉन्फिडेंट लड़का है, लेकिन असल में वह सिर्फ एक बेटा है, जो अपनी मां से बहुत प्यार करता है और उसे खुश देखना चाहता है। उनकी मां-बेटे की दोस्ती में ईमानदारी और अपनापन है। वह अपनी मां की खुशी के लिए गणित का इस्तेमाल करके पार्टनर ढूंढने का फैसला करता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

