अजय देवगन स्टारर और इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी एडवेंचर-कॉमेडी फिल्म धमाल 4 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिले-जुले रिव्यू जरूर मिले, लेकिन इसका असर इसकी कमाई पर बिल्कुल भी दिखाई नहीं दे रहा है. वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद फिल्म ने सोमवार की परीक्षा भी बेहतरीन तरीके से पास की और अब मंगलवार को भी इसकी रफ्तार बरकरार रही है.
सबसे खास बात ये रही कि आमतौर पर मंगलवार को कई फिल्में दर्शकों को आकर्षित करने के लिए टिकटों पर डिस्काउंट देती हैं, लेकिन धमाल 4 के मेकर्स ने ऐसा कोई ऑफर नहीं रखा. इसके बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक सिनेमाघरों का रुख करते रहे. यही वजह है कि फिल्म ने पांचवें दिन भी मजबूत कमाई दर्ज की और साबित कर दिया कि दर्शकों के बीच इसकी पकड़ लगातार बनी हुई है.
धमाल फ्रेंचाइजी हमेशा से अपनी हल्की-फुल्की कॉमेडी, मजेदार किरदारों और फैमिली एंटरटेनमेंट के लिए जानी जाती रही है. चौथे पार्ट में भी मेकर्स ने इसी फॉर्मूले को अपनाया है, जिसका फायदा बॉक्स ऑफिस पर साफ देखने को मिल रहा है. फिल्म ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये के साथ शानदार ओपनिंग की थी. इसके बाद दूसरे दिन इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया. रविवार को छुट्टी का फायदा मिला और तीसरे दिन फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये अपने नाम किए. सोमवार को सामान्य गिरावट के बावजूद फिल्म ने 8.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जो काफी मजबूत मानी जा रही है.
वहीं अब सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को 9.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. खास बात ये है कि मंगलवार को फिल्म की कमाई सोमवार से भी बेहतर रही, जो ये दिखाता है कि फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का लगातार फायदा मिल रहा है.
आपको बता दें कि अजय देवगन स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन (शुक्रवार) – 14.00 करोड़ रुपये, दूसरा दिन (शनिवार) – 22.50 करोड़ रुपये, तीसरा दिन (रविवार) – 28.50 करोड़ रुपये, चौथा दिन (सोमवार) – 8.75 करोड़ रुपये और पांचवां दिन (मंगलवार) – 9.50 करोड़ रुपये (अर्ली ट्रेंड) की कमाई कर डाली है. यानी कुल 5 दिनों का नेट कलेक्शन- 83.25 करोड़ रुपये हो गया है.
विश्व स्तर पर फिल्म ने 115.44 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार कर लिया है।
धमाल 4 ने सिर्फ कमाई ही नहीं की, बल्कि रिलीज के पांचवें दिन एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली. फिल्म ने भारत में ओ रोमियो के लगभग 83 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए साल की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का स्थान हासिल कर लिया है. अब फिल्म की नजर अगली बड़ी उपलब्धि पर है. इसके सामने अगला टारगेट कॉकटेल 2 का लगभग 104.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन है. अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही तो आने वाले कुछ दिनों में ये आंकड़ा भी पार कर सकती है.
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की मजबूत पकड़ का असर इसके बजट रिकवरी पर भी साफ दिखाई दे रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाल 4 का निर्माण लगभग 200 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है. ऐसे में फिल्म ने सिर्फ पांच दिनों में ही अपने बजट का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा रिकवर कर लिया है। किसी भी बड़ी बजट की फिल्म के लिए यह एक सकारात्मक हिंट माना जाता है. अगर आने वाले दिनों में फिल्म इसी तरह कमाई करती रही तो जल्द ही ये अपनी कॉस्ट निकालने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगी.
आलिया भट्ट की अल्फा 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को लाखों में सिमट गई. सैकनिल्क की रिपोर्ट मुताबिक वाईआरएफ के स्पाई यूनिवर्स की इस सातवीं फिल्म ने 2 हजार 344 शो में दूसरे मंगलवार को 0.85 करोड़ रुपये कमाए. इसी के साथ इस फिल्म का भारत में 12 दिनों का नेट कलेक्शन 55.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं विदेशों में, फि़ल्म ने 12वें दिन 0.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका इंटरनेशनल ग्रॉस कलेक्शन 26.70 करोड़ रुपये हो गया। इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 92.47 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है।
अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल भी तीसरे हफ्ते में धीमी पड़ गई है और इसकी कमाई भी लाखों में सिमट गई है. हालांकि 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को इसने मामूली तेजी दिखाई. फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने तीसरे मंगलवार यानी 19वें दिन 1 हजार 951 शो में 0.75 करोड़ रुपये कमाए. इसी के साथ इस फिल्म का भारत में 19 दिनों का नेट कलेक्शन 130.85 करोड़ रुपये हो गया है. इसने 19वें दिन विदेशों में 0.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसकी विदेशी कमाई 33.10 करोड़ रुपये और दुनिया भर में इसकी कमाई 188.58 करोड़ रुपये हो गई है.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

