कवर्धा 28 मार्च (आरएनएस) जिला कबीरधाम के कवर्धा क्षेत्र में नाबालिक बालिका की गुमशुदगी का मामला सामने आते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी भूपेन्द्र कुमार मण्डावी को गिरफ्तार कर लिया और बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। 25 मार्च 2026 को थाना सहसपुर लोहारा में दर्ज इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।आरोपी भूपेन्द्र कुमार मण्डावी ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध स्थापित किए। पीड़िता नाबालिग होने के कारण मामला गंभीर हो गया और पुलिस ने तुरंत कड़ी धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी।घटना उस वक्त सामने आई जब बालिका घर से बिना बताए गायब हो गई और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने घबराकर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। संभावित स्थानों पर दबिश दी गई, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट के जरिए आरोपी की तलाश की गई। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और बालिका को उसके कब्जे से मुक्त कराया।महिला अधिकारी द्वारा पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आई। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 87, 65 (1), 64(2) (M), 332 (बी) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, उप निरीक्षक संदीप चौबे, आरक्षक राजू सोनवानी और चरण पटेल की अहम भूमिका रही।

