रामानुजगंज, 28 मार्च (आरएनएस)। ग्राम जामवंतपुर में मुक्तिधाम के निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सुलझता नजर आया। शासकीय भूमि पर स्वामित्व को लेकर आपत्ति जताए जाने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी थी।
ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत पर एसडीएम आनंद नेताम आज दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य को पुन: प्रारंभ कराया। इसके तहत मुक्तिधाम की बाउंड्री वॉल का कार्य शुरू कर दिया गया।
एसडीएम आनंद नेताम ने स्पष्ट रूप से कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जामवंतपुर निवासी रामकुमार कुशवाहा (पिता रघुनाथ कुशवाहा) द्वारा निर्माण कार्य में आपत्ति जताई जा रही थी, जिसके चलते कार्य बाधित हो रहा था। इस पर एसडीएम ने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी देते हुए विवाद समाप्त करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में संतोष का माहौल है और मुक्तिधाम निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढऩे की उम्मीद है।
0

