0 महापौर संजय पांडे ने गहमागहमी के बीच पेश किया निगम का बजट।
0 राजस्व संवर्धन के माध्यम से निगम की आय बढ़ाने की होगी कवायद।
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर, 30 मार्च (आरएनएस)। गहमागहमी के बीच महापौर संजय पांडे ने आज वर्ष 2026- 27 का अनुमानित बजट पेश किया। हालांकि इस दौरान विपक्ष ने पिछले साल किए गए कई वादे पूरे नहीं होने को लेकर तीखे तेवर दिखाते नाराजगी जताई। मौजूदा बजट में शहर के विकास और जनहित को प्राथमिकता दी गई है। प्रस्तुत बजट के अनुसार निगम की अनुमानित आय 24053.21 लाख तथा कुल व्यय 24092.84 लाख निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में 39.63 लाख का घाटा अनुमानित है।
बजट में अहम यह है कि किसी भी प्रकार के टैक्स में बढ़ोतरी नहीं की गई है। महापौर ने कहा कि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के बजाय प्रभावी प्रशासन और राजस्व संवर्धन के माध्यम से निगम की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए ?3000 लाख का प्रावधान किया गया है। किराया, विज्ञापन, होर्डिंग, एलईडी डिस्प्ले, फ्लेक्स विज्ञापन एवं दुकानों के निर्माण जैसे माध्यमों से राजस्व बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बजट में ?3000 लाख का प्रावधान रखा गया है। इसके अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, पुरानी लाइनों की मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। अमृत मिशन के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए अगले दो माह में प्रथम चरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिससे लगभग 60 प्रतिशत आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
इसी तरह स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ?1000 लाख का प्रावधान किया गया है। इसके तहत आधुनिक सफाई वाहन एवं उपकरणों की खरीद, घर-घर डस्टबिन वितरण तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने की योजना है। निगम का लक्ष्य स्वच्छ सर्वेक्षण में जगदलपुर को देश के शीर्ष 10 शहरों में स्थान दिलाना है।

इसके अलावा विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु ?300 लाख का प्रावधान किया गया है। बजट में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने तथा नए क्षेत्रों में विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।
महापौर ने कहा कि यह बजट शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निगम का अंतिम लक्ष्य जगदलपुर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर शहर बनाना है।
००००

