भिलाई,28 मार्च(आरएनएस) भिलाई के स्मृति नगर थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की लाश उसके किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान मोहन कुमार रामटेके के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्मृति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने कुछ लोगों पर सट्टा खिलाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। नोट में राजू पाल और सोनिया गोस्वामी नामक व्यक्तियों का जिक्र करते हुए धमकी और पैसे की मांग का भी उल्लेख किया गया है।
हालांकि, मृतक के शरीर, विशेषकर सिर और नाक पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

