0 प्रशासन से मांसाहार की दुकानों पर प्रतिबंध की मांग
प्रयागराज, 28 मार्च (आरएनएस)। भगवान महावीर के जन्म कल्याणक दिवस की पूर्व संध्या पर 29 मार्च को एक भव्य अहिंसा रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में शांति, सद्भाव एवं सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करना है।
रैली का शुभारंभ शाम 4 बजे पत्थर गिरजाघर के पास स्थित मैदान से होगा, जो सुभाष चौराहा, पीवीआर मॉल, हीरा हलवाई चौराहा, मनमोहन पार्क, नेतराम चौराहा, कटरा यूनिवर्सिटी चौराहा, आनंद भवन, बॉल्सन चौराहा, अल्लापुर, बहराना चौराहा होते हुए कोटापर्चा मार्ग से जीरो रोड मंदिर पर समाप्त होगी। आयोजन में भाग लेने वाले लोग विभिन्न चौराहों पर अल्प समय के लिए रुककर अहिंसा का संदेश प्रसारित करेंगे और जैन धर्म के सिद्धांतों से आमजन को अवगत कराएंगे।
इस अवसर पर जैन समाज द्वारा प्रशासन से मांग की गई है कि महावीर जयंती के दिन मांसाहार एवं गैर-शाकाहारी दुकानों को बंद रखा जाए, ताकि अहिंसा के इस पावन संदेश का व्यापक प्रभाव समाज में दिखाई दे सके। उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में भी प्रयागराज नगर निगम द्वारा महावीर जयंती पर मांस, मछली एवं पोल्ट्री की दुकानों को बंद रखने के आदेश जारी किए जाते रहे हैं। साथ ही यह भी बताया गया है कि सोमवार को जैन संस्थान बंद रहेंगे और समाज के लोग इस पर्व को श्रद्धा और संयम के साथ मनाएंगे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

