प्रयागराज, 28 मार्च (आरएनएस)। आज इलाहाबाद नागरिक समाज के नेतृत्व में प्रयागराज जिलाधिकारी कार्यालय पर शाहजहांपुर में काकोरी केस के अमर शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया।
नागरिक समाज, इलाहाबाद से जुड़े हुए तमाम संगठनों एवं ट्रेड यूनियन के नेता डॉ कमल ऊसरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश और प्रदेश में एक ऐसी विचारधारा की सरकार कायम हो गई है जिसका आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नही, ना ही देश के आज़ादी के अमर शहीदों के प्रति ही कोई आदर सम्मान है।
इस अवसर पर वरिष्ठ किसान नेता डॉ आशीष मित्तल, दिशा छात्र संगठन की निधि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
अंत में विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए सीपीआई से कॉम आनन्द मालवीय जी ने कहा कि ध्वस्त की गई प्रतिमाओं को पूर्ववत स्वरूप में पुन: उसी स्थान पर स्थापित किया जाय, इस कृत्य के लिए उत्तरदायी वास्तविक निर्णयकर्ताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर कठोर दंड सुनिश्चित किया जाय।
इस दौरान अधिवक्ता आशीष कुमार अंशु, इलाहाबाद एआईकेएमएस के राजकुमार पथिक, सर्वोदय मण्डल के सत्येन्द्र, नौजवान भारत सभा के प्रशान्त, अधिवक्ता मंच संयोजक कॉम राजवेन्द्र सिंह, आइसा कॉम आर्यन आदि अन्य साथी भी शामिल रहें थे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

