कवर्धा, 29 मार्च (आरएनएस)। कवर्धा से भोमरदेव मार्ग पर समनापुर के समीप एक हनुमान लंगूर द्वारा राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों पर हमला कर उन्हें घायल करने की सूचना प्राप्त होने पर, वनमंडलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया। उनके निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी कवर्धा अभिनव केसरवानी के मार्गदर्शन में कवर्धा परिक्षेत्र एवं उडऩदस्ता टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान डॉ. जडिया, पशु चिकित्सक एवं उनकी टीम के सहयोग से हनुमान लंगूर को ट्रेंकुलाइज कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू उपरांत उसे सुरक्षित रूप से बोड़ला स्थित पिंजरे में निगरानी हेतु रखा गया है। पशु चिकित्सक की सलाह अनुसार हनुमान लंगूर की स्थिति का आगामी 2 दिनों तक निरंतर अवलोकन किया जाएगा। स्वास्थ्य सामान्य पाए जाने पर उसे सुरक्षित रूप से वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि वन्यजीवों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल वन विभाग को दें तथा ऐसी स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप करने से बचें।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

