सुलतानपुर 29 मार्च (आरएनएस)। धम्मौर थाना क्षेत्र में छेडख़ानी के आरोपी को पकडऩे गई पुलिस टीम पर आरोपी व उसके परिजनों ने हमला कर दिया। मारपीट में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक सिपाही की वर्दी फाड़ दी गई और मोबाइल भी छीन लिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि 28 मार्च को धम्मौर थाना क्षेत्र की एक युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंकित यादव नामक युवक उसके साथ लगातार छेडख़ानी कर रहा है और उसे भगा ले जाने का प्रयास कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। पुलिस टीम जैसे ही आरोपी को हिरासत में लेने लगी, आरोपी, उसके परिजनों और घर की महिलाओं ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते हाथापाई व मारपीट करने लगे। इस दौरान सिपाही संजय यादव की वर्दी फाड़ दी गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया, जिसे बाद में वापस कर दिया गया। सिपाही अंकुश चैधरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। धम्मौर थाना प्रभारी रजत पांडेय ने बताया कि उप निरीक्षक राजकुमार यादव की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। सीओ सिटी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

